Sangam Today News/-
Almora/- आपदा कंट्रोल रूम में जैसे ही आपदा घटने की सूचना पहुंची तो तुरंत प्रशासन,पुलिस, राजस्व कर्मी सक्रिय हो गये।तथा ऐम्बुलेंस साइरन बजाते हुये सड़कों पर दौड़ने लगी।बुधवार को जनपद के भिकियासैण, द्वाराहाट, लमगड़ा आदि स्थानों पर आपदा प्रबंधन को लेकर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी अल्मोड़ा (DM Almora) अंशुल सिंह के निर्देशन में जिला क्षेत्र में संभावित प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने हेतु विभिन्न तहसीलों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय, त्वरित प्रतिक्रिया एवं राहत-बचाव कार्यों की तैयारियों का परीक्षण करना रहा।
मॉक ड्रिल के दौरान भूकंप, बादल फटना, वनाग्नि, भूस्खलन, बाढ़, वाहन दुर्घटना आदि आपदा परिदृश्यों को ध्यान में रखते हुए 5 से 6 विभिन्न सिनेरियां तैयार किए गए।जिन पर संबंधित विभागों द्वारा अभ्यास किया गया।
इस अभ्यास में एसडीआरएफ, आईटीबीपी , पुलिस विभाग, आपदा प्रबंधन, अग्निशमन विभाग, चिकित्सा विभाग, राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। सभी विभागों द्वारा आपदा की स्थिति में त्वरित सूचना आदान-प्रदान, रेस्क्यू ऑपरेशन, प्राथमिक उपचार एवं राहत कार्यों का प्रभावी प्रदर्शन किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा प्रबंधन तंत्र की तत्परता एवं समन्वय क्षमता को परखा गया तथा भविष्य में किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण अभ्यास किया गया।प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की गई कि आपदा के समय घबराएं नहीं बल्कि धैर्य रखते हुए प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
संपूर्ण मॉक ड्रिल में आपदा कंट्रोल रूम से जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने समन्वय स्थापित किया गया तथा सूचनाओं का आदान प्रदान किया गया।इस दौरान दुर्घटना की स्थिति में आवश्यक रेस्क्यू उपकरणों का उपयोग, घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने, प्राथमिक उपचार प्रदान करने तथा गंभीर घायलों को शीघ्र नजदीकी चिकित्सालय पहुंचाने की प्रक्रिया का व्यवहारिक प्रशिक्षण किया गया।


