Sangam Today News/-अल्मोड़ा। विदेशी भाषाएं सीखकर विदेशों में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने अल्मोड़ा में नया लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर खोलने की घोषणा की है। इसके शुरू होने के बाद प्रदेश में ऐसे सेंटरों की संख्या दो हो जाएगी।
राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2023 में शुरू की गई मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत फिलहाल एक लैंग्वेज ट्रेनिंग सेंटर देहरादून में संचालित हो रहा है। अब दूसरा सेंटर अल्मोड़ा में खोला जाएगा, जिससे कुमाऊं क्षेत्र के युवाओं को भी इसका लाभ मिल सकेगा।
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कौशल विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा ने सदन में यह घोषणा की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर योजना का विस्तार किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देकर उन्हें अंतरराष्ट्रीय रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।
सरकार के अनुसार योजना के तहत अब तक 147 युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिनमें से 92 युवाओं को विभिन्न देशों में रोजगार भी मिल चुका है। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अवधि लगभग 8 से 10 महीने होती है और इसके लिए 16 अधिकृत एजेंसियों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इसके अलावा 10 और युवाओं के लिए सऊदी अरब में रोजगार के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। मंत्री ने बताया कि पश्चिम एशिया में तनावपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद विदेशों में कार्यरत युवाओं की सुरक्षा पर राज्य सरकार लगातार नजर बनाए हुए है। सऊदी अरब में कार्यरत युवाओं से संपर्क किया गया है और वे सुरक्षित हैं।
सरकार ने इस योजना के प्रशिक्षण बजट को भी बढ़ाया है। पहले यह बजट 75 लाख रुपये था, जिसे बढ़ाकर 3.3 करोड़ रुपये कर दिया गया है, ताकि अधिक युवाओं को प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।

