Sangam Today News/-
देहरादून। कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर सचिवालय में मुख्य सचिव श्री आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुंभ से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को स्वीकृति देते हुए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने जिन कार्यों के शासनादेश (जीओ) अब तक जारी नहीं हुए हैं, उन्हें तत्काल जारी करने को कहा। साथ ही छोटे और अस्थायी कार्यों के लिए अधिकार सौंपने (पॉवर डेलीगेशन) पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि एक करोड़ रुपये तक के कार्यों की संस्तुति आयुक्त गढ़वाल की अध्यक्षता वाली समिति करेगी।
बैठक में चंडी देवी और मनसा देवी मंदिर से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा टेंट, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए एजेंसियों के चयन हेतु बिडिंग प्रक्रिया तुरंत शुरू करने को कहा गया। सभी विभागों के सचिवों और विभागाध्यक्षों को अपने स्तर पर तेजी से कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने कुंभ से जुड़े कार्यों की निगरानी के लिए ऑडिट टीम जल्द तैनात करने के भी निर्देश दिए। सूचना, पर्यटन और संस्कृति विभाग को आगामी बैठक में अपनी विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करने को कहा गया, वहीं मेलाधिकारी को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए।
कनखल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए विशेष योजना बनाने और उसे शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी निर्माण कार्यों को अक्टूबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश जारी किए गए।
मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने बैठक में जानकारी दी कि विभिन्न विभागों के 191.30 करोड़ रुपये की लागत वाले कुल 33 कार्यों में से 31 कार्य शुरू हो चुके हैं, जबकि शेष दो कार्यों की निविदा प्रक्रिया जारी है। उन्होंने सभी कार्य समय पर पूर्ण करने का भरोसा जताया।

