Sangam Today News/-
उत्तराखंड में इन दो दिनों के दौरान मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 मार्च को राज्य के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।
19 मार्च को हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चम्पावत जिलों में कहीं-कहीं आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने और 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने के आसार हैं, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।
20 मार्च को देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा हरिद्वार, उधम सिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चम्पावत जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने, खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।

