Sangam Today News/-
Almora। कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत ने अल्मोड़ा भ्रमण के दौरान विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में जिला योजना, राज्य योजना और केंद्र पोषित योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा और प्रत्येक विभाग को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करनी होगी।
बैठक में निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, समय-सीमा और वित्तीय प्रगति की समीक्षा की गई। सड़कों के सुदृढ़ीकरण, लंबित सड़क परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा यातायात सुगमता के लिए प्रस्तावित पार्किंग निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विशेष ध्यान देते हुए समन्वय के साथ कार्य करने पर बल दिया गया।
मुख्यमंत्री घोषणाओं की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने सभी घोषणाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न प्राधिकरणों से संबंधित विकासात्मक गतिविधियों की समीक्षा करते हुए जनहित को सर्वोपरि रखते हुए नियमानुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
आयुक्त ने कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्थलीय निरीक्षण और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से ही अपेक्षित परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने जनसमस्याओं के समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने और शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने पर जोर दिया।
बैठक में कानून-व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नशे और मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने तथा जनपद को नशामुक्त बनाने पर गंभीरता से कार्य करने को कहा गया।
आयुक्त ने जनपद में संचालित पिंक ई-रिक्शा योजना, सखी बाजार, नशा मुक्ति केंद्र, गोवंश संरक्षण से संबंधित कन्हावन योजना और शिक्षा स्वयंसेवक योजनाओं जैसी पहलों की सराहना की।
इस दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आयुक्त को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन कराया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से जनपद में संचालित योजनाओं और कार्यों की जानकारी दी।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के, प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

