Sangam Today News/-
बागेश्वर/-जनपद भ्रमण पर पहुंचे मंडलायुक्त दीपक रावत ने खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय इंडोर स्टेडियम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेल व्यवस्थाओं का जायजा लिया और खिलाड़ियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं जानीं।
स्टेडियम में पहुंचते ही मंडलायुक्त ने बैडमिंटन खिलाड़ियों के साथ कोर्ट पर उतरकर खेला। उनके साथ खेलते हुए नन्हे खिलाड़ियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। खेल के बाद उन्होंने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशासन हर संभव सहयोग देने को तत्पर है। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि यदि किसी भी प्रकार की सुविधा की आवश्यकता हो तो वे बिना संकोच प्रशासन को अवगत कराएं।
खिलाड़ियों ने स्टेडियम में बालिकाओं के लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था तथा बैडमिंटन कोर्ट की मरम्मत की मांग रखी। मंडलायुक्त ने इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि चेंजिंग रूम का निर्माण और कोर्ट की मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
दौरे के दूसरे दिन ताइक्वांडो में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों ने मंडलायुक्त से मुलाकात की। उन्होंने पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास से वे खेल जगत में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को जनपद, प्रदेश और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

