Ticker

6/recent/ticker-posts

कारोबारी ने लाइसेंसी पिस्टल से खुद को मारी गोली, हुई मौत


Sangam Today News/- 
हल्द्वानी। नैनीताल जनपद के चोरगलिया थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई। गजेपुर गांव निवासी वन निगम से जुड़े कारोबारी कमलेश बेलवाल ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
परिजन गंभीर अवस्था में उन्हें तत्काल हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका
पुलिस के अनुसार, प्रथमदृष्टया मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मृतक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।