Sangam Today News/-
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर जनपद मुख्यालय रुद्रपुर से आपराधिक घटना सामने आई है। सरस मेले से घर लौट रही एक महिला के साथ कथित तौर पर तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोप है कि घटना का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 22 फरवरी की देर रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है। पीड़िता अपने देवर के साथ सरस मेले से घर लौट रही थी। तहरीर के अनुसार, जब वे एक मैदान के समीप पहुंचे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी देवर को पहले से जानते थे।
शिकायत में कहा गया है कि प्रारंभिक बातचीत के बाद आरोपियों ने तमंचा निकालकर दोनों को धमकाया। आरोप है कि महिला को जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर सुनसान स्थान पर ले जाया गया, जहां उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू से हमला कर महिला की उंगली घायल कर दी।
पीड़िता का कहना है कि आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो भी बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर उसे वायरल करने की धमकी दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ सिटी रुद्रपुर प्रशांत कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटा रही है और पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

