Ticker

6/recent/ticker-posts

धमकी भरे ईमेल से दहले उत्तराखंड के न्यायालय


Sangam Today News/- 
उत्तराखंड के नैनीताल और उत्तरकाशी जिलों में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जिला एवं सत्र न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल प्राप्त हुए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गए तथा एहतियातन अदालत परिसरों को खाली कराकर सघन जांच अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, नैनीताल जिला न्यायालय को एक ईमेल के माध्यम से धमकी दी गई थी। ईमेल मिलते ही कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने पूरे परिसर की बारीकी से तलाशी ली।
जिला बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मेल की सूचना तत्काल प्रशासन को दी गई, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा कारणों से सतर्कता बरती जा रही है।
रामनगर न्यायालय भी रहा निशाने पर-
नैनीताल जिले के रामनगर स्थित न्यायालय को भी इसी तरह का धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। संदेश में जजों के कक्षों में विस्फोटक सामग्री लगाए जाने का दावा किया गया था। सूचना मिलते ही न्यायालय परिसर को खाली कराया गया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। जजों के चैंबर, कोर्ट रूम और अधिवक्ताओं के कार्यालयों की गहन जांच की गई।

इसी क्रम में उत्तरकाशी जिला न्यायालय को भी धमकी मिलने की सूचना है। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर खाली कराया और सुरक्षा एजेंसियों को जांच में लगाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एहतियातन पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई है और प्रत्येक कोने की जांच की जा रही है।

धमकी के चलते दोनों जिलों में न्यायिक कार्य काफी हद तक प्रभावित रहा। सुरक्षा कारणों से आम नागरिकों, अधिवक्ताओं और कर्मचारियों को अस्थायी रूप से परिसर से बाहर रखा गया। कई मामलों की सुनवाई स्थगित करनी पड़ी।

पुलिस और साइबर सेल ईमेल की उत्पत्ति का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में अब तक किसी प्रकार की विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है। अधिकारियों ने कहा है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।