Sangam Today News/-
भिकियासैंण तहसील क्षेत्र के नैलवालपाली स्थित एक माता मंदिर में रविवार रात अज्ञात चोरों ने मंदिर की घंटियां और दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों में रोष व्याप्त हो गया और क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले एक माह के भीतर आसपास के कई मंदिरों में इसी प्रकार की चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें कनगाड़ी गांव का मंदिर, नैलवाल पाली इंटर कॉलेज के ऊपर स्थित सिद्धी बाबा मंदिर तथा कैनाबाग शिव मंदिर भी शामिल हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में हुई घटनाओं की मौखिक सूचना प्रशासन को दी गई थी, लेकिन अब तक किसी भी मामले में ठोस कार्रवाई या गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
लगातार हो रही वारदातों से क्षेत्रवासियों में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। उनका कहना है कि धार्मिक स्थलों को निशाना बनाए जाने से लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
देवी मंदिर समिति, नैलवाल पाली के सदस्य हरीदत्त नैलवाल ने प्रशासन से प्रकरण में तत्काल मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
सोमवार को ग्रामीणों ने तहसीलदार रवि शाह को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा गश्त बढ़ाने की मांग की। इस दौरान कमल नैनवाल, प्रताप सिंह मेहरा, आनंद नैनवाल, हरीश चंद्र, लक्ष्मण सिंह, बालम सिंह, कमला देवी, कविता नैनवाल, क्षेत्र पंचायत सदस्य खीमा देवी, पुष्कर अस्वाल और गोविंद सिंह समेत अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

