Ticker

6/recent/ticker-posts

दिव्यांग हत्याकाण्ड के आरोपी को पुलिस टीम ने किया गिरफ्तार


Sangam Today News/- 
Almora। जिले के कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रस्यारागांव में दिव्यांग व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के घर से घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, 24 जनवरी 2026 को रस्यारागांव में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को प्राप्त हुई। मृतक की पहचान कुन्दन राम (दिव्यांग) के रूप में हुई। अगले दिन 25 जनवरी को मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर के आधार पर आरोपी दीपक पांडे के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 04/2026 धारा 103(1)/352 बीएनएस तथा 3(1)(द), 3(1)(घ), 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस के पर्यवेक्षण और सीओ अल्मोड़ा बलवंत सिंह के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण, सुरागरसी और तकनीकी सर्विलांस के माध्यम से आरोपी की तलाश शुरू की।
लगातार प्रयासों के बाद फरार आरोपी दीपक पांडे (34 वर्ष), पुत्र महेश पांडे, निवासी ग्राम रस्यारागांव, को करबला तिराहा, अल्मोड़ा से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 18 जनवरी की शाम दुकान से घर जाते समय रास्ते में मृतक से विवाद हुआ, जिसके बाद उसने पत्थर से सिर पर वार कर दिया। घटना के बाद वह गिरफ्तारी के डर से गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और वाराणसी में छिपता रहा। पैसे समाप्त होने पर वह अल्मोड़ा अपने परिचितों से मदद लेने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस ने आरोपी के घर से खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। मामले के सफल खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 1000 रुपये नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया है।
पुलिस द्वारा मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।