Sangam Today News/-
रुद्रपुर (ऊधमसिंह नगर)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गांधी पार्क में आयोजित ऊधमसिंह नगर कार्निवाल ‘सरस आजीविका मेला-2026’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद में कुल ₹295.21 करोड़ की लागत से 61 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने ₹123.91 करोड़ की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इनमें चिकित्सा विभाग की परियोजना, लोक निर्माण विभाग के कार्य, नगर निगम रुद्रपुर की विभिन्न योजनाएं, पशुपालन, संस्कृति, सिंचाई, खेल, शिक्षा विभाग तथा स्थानीय निकायों से संबंधित विकास कार्य शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त ₹171.30 करोड़ की 35 नई परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया। इनमें लोक निर्माण विभाग, नगर निगम रुद्रपुर, शिक्षा विभाग, पशुपालन विभाग और ग्रामीण निर्माण विभाग की विभिन्न योजनाएं सम्मिलित हैं।
पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान पांच प्रमुख घोषणाएं कीं। इनमें मानसखंड कॉरिडोर के अंतर्गत गोल्ज्यू मंदिर, शिव मंदिर और नीलकंठ धाम को जोड़ते हुए शिव प्रतिमा की स्थापना, नगर निगम रुद्रपुर के पर्यावरण मित्रों के लिए खेड़ा क्षेत्र में आवास निर्माण, भूरारानी एवं गंगापुर रोड का चौड़ीकरण, अटारिया चौक से इंद्रा कॉलोनी तक सड़क निर्माण तथा गुरु चांद ठाकुर स्मृति सहायता कोष को ₹2 करोड़ से बढ़ाकर ₹10 करोड़ करने की घोषणा शामिल है।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने त्रिशूल चौक का लोकार्पण किया और शिव बारात में प्रतिभाग किया। उन्होंने कांवड़ियों का सम्मान करते हुए उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पमाला भेंट की। शिव बारात के दौरान विभिन्न संगठनों एवं स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया।

