Ticker

6/recent/ticker-posts

नाबालिग को स्कूटी देना पड़ा महंगा, वाहन सीज और 25 हजार का चालान


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा। जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जिलेभर में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लापरवाह वाहन चालकों, रेस ड्राइविंग करने वालों और नाबालिगों को वाहन उपलब्ध कराने वाले वाहन स्वामियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करना है।
मंगलवार को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा बलवंत सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस टीम ने सिकुड़ाबैंड–धारानौला क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान एक नाबालिग किशोर को तेज रफ्तार में स्कूटी चलाते हुए पकड़ा गया।
पुलिस ने मौके पर ही नाबालिग के अभिभावक (पिता) को बुलाकर कड़ी चेतावनी दी और काउंसलिंग की। इसके बाद स्कूटी को सीज कर वाहन स्वामी के खिलाफ 25,000 रुपये का कोर्ट चालान किया गया। नाबालिग को सुरक्षित रूप से परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 30 अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई।
पुलिस प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे नाबालिगों को वाहन न चलाने दें। नियमों की अनदेखी करने पर वाहन स्वामी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।