Sangam Today News/-
अल्मोड़ा जनपद के विकासखंड सल्ट क्षेत्र में 108 एम्बुलेंस सेवा की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता का एक और उदाहरण सामने आया है। ग्राम सभा उजराड़ क्वेराला निवासी सनवीर हुसैन की पत्नी सबा परवीन (28 वर्ष) को मंगलवार देर रात अचानक प्रसव पीड़ा शुरू हुई। परिजनों ने रात 12:23 बजे 108 एम्बुलेंस सेवा को कॉल किया।
सूचना मिलते ही 108 भिकियासैंण एम्बुलेंस टीम समय पर मौके पर पहुंची और प्रसूता को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रतखाल के लिए रवाना किया गया। बताया गया कि पीएचसी पहुंचने पर कुछ समय तक अस्पताल स्टाफ उपलब्ध नहीं हो सका। इस बीच प्रसव पीड़ा तेज होने पर परिजन मरीज को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण ले जाने के लिए निकल पड़े।
रास्ते में गहनाखाल के पास प्रसव स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई। ऐसे में एम्बुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट भास्कर ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोककर आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया शुरू की। कड़ी मेहनत और तत्परता के बाद रात 2:45 बजे एम्बुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव कराया गया। सबा परवीन ने एक स्वस्थ शिशु (पुत्र) को जन्म दिया।
प्रसव के बाद जच्चा-बच्चा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में भर्ती कराया गया, जहां दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं। इस दौरान एम्बुलेंस चालक गोपाल सिंह ने भी पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
परिजनों ने 108 एम्बुलेंस टीम, विशेषकर फार्मासिस्ट भास्कर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्हें अपने लिए “भगवान समान” बताया। उल्लेखनीय है कि भिकियासैंण 108 एम्बुलेंस में तैनात फार्मासिस्ट भास्कर अब तक 14 सुरक्षित प्रसव करवा चुके हैं, जिससे कई माताओं और नवजातों को सुरक्षित जीवन मिल सका है।
यह उदाहरण 108 एम्बुलेंस सेवा की महत्ता को दर्शाता है।

