Sangam Today News/-
Almora/-जनपद मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में रेफरल मॉनिटरिंग समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 1 जनवरी से 14 फरवरी 2026 तक विभिन्न सरकारी चिकित्सालयों से रेफर किए गए मरीजों के मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ प्रवीण कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित अवधि के दौरान जनपद के अस्पतालों में ओपीडी और आईपीडी मिलाकर कुल 45,059 मरीज पंजीकृत हुए। इनमें से रेफरल दर मात्र 0.65 प्रतिशत रही, जो संतोषजनक है। जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर संतोष जताते हुए कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में बेहतर उपचार व्यवस्था के कारण अनावश्यक रेफरल में कमी आई है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस प्रवृत्ति को बनाए रखते हुए रेफरल दर को और कम करने का प्रयास किया जाए।
बैठक में शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर को न्यूनतम स्तर पर लाने के लिए विशेष रणनीति अपनाने पर भी जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने हाई रिस्क प्रेग्नेंसी के मामलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर समयबद्ध उपचार और त्वरित रेफरल की व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने के लिए अस्पतालों में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने, चिकित्सकीय सुविधाओं को बेहतर करने और 108 एम्बुलेंस सेवा के साथ प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर बल दिया गया। साथ ही बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय बढ़ाकर गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य की सतत निगरानी करने को कहा गया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

