Sangam Today News/-
उत्तराखण्ड में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। “You Quote We Pay” मॉडल के तहत चयनित विशेषज्ञ चिकित्सकों की विभिन्न जिलों में तैनाती को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।इन नियुक्तियों को प्रदेश के उन इलाकों के लिए राहत भरा माना जा रहा है।जहां लंबे समय से विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी बनी हुई थी। NHM के अंतर्गत 3 दिसंबर 2025 को आयोजित साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद एनेस्थेटिस्ट, प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ तथा बाल रोग विशेषज्ञ पदों पर चयनित चिकित्सकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और उप जिला चिकित्सालय (SDH) में नियुक्त किया गया है।
अल्मोड़ा जनपद के CHC चौखुटिया में एनेस्थेटिस्ट डॉ. आर हेमचंद्रन,प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ देविका खत्री तथा बाल रोग विशेषज्ञ डॉ अनंत गुप्ता की तैनाती की गई है। वहीं चमोली जिले के गैरसैंण स्थित उप जिला चिकित्सालय में एनेस्थेटिस्ट डॉ विशाल प्रताप सिंह और प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ शिल्पा भानुदास मुरकुटे को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पौड़ी गढ़वाल जिले के CHC बीरोंखाल में प्रसूति एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ ममता थपलियाल की नियुक्ति की गई है, जबकि पिथौरागढ़ जिले के CHC डीडीहाट में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ किशन सिंह महर अपनी सेवाएं देंगे। स्वास्थ्य सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि पर्वतीय और सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को भी विशेषज्ञ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि इन नियुक्तियों से मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, शल्य चिकित्सा तथा आपातकालीन उपचार सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।

