Ticker

6/recent/ticker-posts

अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी समारोह में शामिल हुए अमित शाह


Sangam Today News/-  
हरिद्वार में आयोजित अखिल विश्व गायत्री परिवार के शताब्दी वर्ष समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने गायत्री परिवार द्वारा समाज, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में किए जा रहे योगदान की सराहना की और संस्थापक आचार्य श्रीराम शर्मा के विचारों को स्मरण किया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में कहा कि आचार्य श्रीराम शर्मा ने सनातन धर्म में व्याप्त विकृतियों को दूर कर आध्यात्मिकता को सामाजिक सरोकारों से जोड़ा। उन्होंने समानता, सांस्कृतिक चेतना, एकता और अखंडता जैसे मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया। गृह मंत्री ने “व्यक्ति निर्माण से समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण” के सिद्धांत को व्यवहार में उतारने के उनके प्रयासों को प्रेरणास्रोत बताया। साथ ही उन्होंने आचार्य के संदेश “हम सुधरेंगे, युग सुधरेगा” को मानव कल्याण का मूल मंत्र बताते हुए इसे समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बीते एक दशक में देश की कार्यशैली और सोच में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। आज भारत को उसकी सांस्कृतिक विरासत और मूल्यों के लिए वैश्विक स्तर पर सम्मान की दृष्टि से देखा जा रहा है। स्वामी विवेकानंद और अरविंद घोष के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के उत्थान से सम्पूर्ण मानवता का कल्याण जुड़ा हुआ है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गायत्री परिवार को एक वटवृक्ष के समान बताते हुए कहा कि यह संस्था आध्यात्मिक चेतना के प्रसार के साथ समाज को शांति और सकारात्मकता प्रदान कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत आज अपनी प्राचीन संस्कृति, ज्ञान और विज्ञान को आधुनिक संदर्भ में पुनः स्थापित कर रहा है और सनातन संस्कृति का संदेश विश्व तक पहुँचाने के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं।