Sangam Today News/- श्रीरामलला की अयोध्या में मूर्ति प्राण-प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के अवसर पर रामलीला रंगमंच समिति मानिला द्वारा 22 जनवरी गुरुवार को रंगमंच परिसर में धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि करन जीना व विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य 17 उजराड़ मनमोहन सिंह बंगारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रमों का शुुभारंभ किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे राममंदिर में पुजा पाठ से हुई। इसके बाद संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। सुंदरकांड पाठ के उपरांत पूजा अर्चना कर हवन किया गया। रंगमंच पर भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण के जीवन की झलकियों को प्रस्तुत किया गया, जो दर्शकों के लिए एक धार्मिक और सांस्कृतिक प्रेरणा का केंद्र बना। साथ ही क्षेत्र के युवा कलाकारों ने कुमाऊनी नाटक रामी बोराणा की शानदार प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया।
वही, कार्यक्रम में दोपहर 12 बजे से क्षेत्र के नन्हे-मुन्ने बाल कलाकारों ने भगवान राम व श्री कृष्ण के जीवन से जुड़े कई प्रमुख प्रसंगों को दर्शाया । कार्यक्रम में क्षेत्रीय कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दीं, जो दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रही।
दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस एक दिवसीय कार्यक्रम ने क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा और धार्मिक उत्साह से भर दिया।
कार्यक्रम के समापन में रामलीला रंगमंच समिति के अध्यक्ष रमेश लखचौरा ने बताया कि, "इस आयोजन का उद्देश्य भगवान श्रीराम के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना और समाज में धार्मिक तथा सांस्कृतिक मूल्यों को प्रोत्साहित करना है।" वहीं, समिति के कोषाध्यक्ष विनय भट्ट ने कहा, "इस आयोजन को सफल बनाने में क्षेत्रवासियों का भरपूर सहयोग मिला। हम भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों का आयोजन करते रहेंगे।"

