Sangam Today News/-
अल्मोड़ा जनपद में न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंटों के शत-प्रतिशत निष्पादन के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में देघाट थाना पुलिस ने पोक्सो एक्ट से संबंधित एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अल्मोड़ा देवेन्द्र पींचा के निर्देश पर जनपद के सभी थाना प्रभारियों को लंबित गिरफ्तारी वारंटों में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के अनुपालन में अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह एवं क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
थानाध्यक्ष देघाट अजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने दिनांक 22 जनवरी 2026 को माननीय न्यायालय से जारी गिरफ्तारी वारंट के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 07/25, धारा 78, 351(3) बीएनएस एवं पोक्सो एक्ट से संबंधित अभियुक्त राजेन्द्र गिरी उर्फ राजू (उम्र 22 वर्ष), पुत्र भूपाल गिरी, निवासी ग्राम कहैड़गांव छयानी, थाना देघाट, जिला अल्मोड़ा को स्याल्दे क्षेत्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा।

