Sangam Today News/-
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति के बाद भी सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को कांग्रेस ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री आवास कूच किया।
कांग्रेस ने तीन सूत्रीय मांगें उठाईं— •जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में सीबीआई से कराई जाए, •आयोग के अध्यक्ष गणेश सिंह मर्तोलिया को तुरंत हटाया जाए और •लीक हुई परीक्षा को रद्द कर नई परीक्षा तिथि घोषित की जाए।कूच के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाथीबड़कला क्षेत्र में बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और सड़क पर धरना देकर विरोध दर्ज कराया।
हंगामा बढ़ने पर पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह सहित कई नेताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेजा।

