Sangam Today : अल्मोड़ा जिले की नवनियुक्त पुलिस कप्तान रचिता जुयाल ने आज मंगलवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। गार्द सलामी लेने के बाद नवनियुक्त एसएसपी जुयाल ने कार्यालय के समस्त कार्यालयों, शाखाओं का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई का जायजा लिया।
इस दौरान कार्यालय, शाखाओं में नियुक्त कर्मचारियों से उनके कार्यो की जानकारी प्राप्त कर कार्यालय में आने वाले आगन्तुकों के साथ सौम्यपूर्ण व्यवहार कर उनकी हरसंभव सहायता करने और कार्यालय परिसर की साफ सफाई का विशेष ध्यान रखने हेतु निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालयों का अपग्रेडेशन कर स्मार्ट आफिस बनाने हेतु सीओ कार्यालय व प्रतिसार निरीक्षक को निर्देशित किया।
बता दें कि रचिता जुयाल 2015 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं। पूर्व में एएसपी अर्बन हरिद्वार, एसपी क्राईम, ट्रैफिक, सिटी जनपद नैनीताल, जनपद बागेश्वर एसपी और राज्यपाल के एडीसी पद पर नियुक्त रह चुकी हैं। जिले की कमान संभालने के बाद उन्होंने समस्त सीओ, थाना, चौकी एवं शाखा प्रभारियों के साथ मीटिंग आयोजित कर थानों में दर्ज अपराध व लम्बित अपराधों की समीक्षा की।
नवनियुक्त एसएसपी द्वारा कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, अनावरण ट्रैफिक व्यवस्था, साईबर अपराध, महिला सुरक्षा व ड्रग्स कन्ट्रोल को अपनी प्राथमिकता बताते हुए गोष्ठी में उपस्थित सभी अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही हेतु दिशा-निर्देश निर्गत किये गये।
कहा कि जनता की पुलिस तक पहुंच को सरल व सुगम बनाये जाने हेतु प्रत्येक थाना, चौकी में हेल्प डेस्क की शुरुआत की जायेगी। जिसमें हरसमय थाना, चौकी का एक कर्मचारी जनता की शिकायत सुनने के लिए मौजूद रहेगा। साथ ही सभी राजपत्रित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नियमित रुप से अपने कार्यालयों में बैठेंगे, जिससे जनता आसानी से उनसे मिलकर अपनी समस्या को बता सके।


