G

Ticker

6/recent/ticker-posts

CM धामी ने ₹78.18 करोड़ की योजनाओं को दी मंजूरी


Sangam Today News/- 
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण एवं सुधारीकरण, पेयजल व्यवस्था, आपदा प्रभावितों को राहत और कुंभ मेला-2027 की तैयारियों से जुड़े कार्यों के लिए कुल 78.18 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन योजनाओं में अल्मोड़ा, पौड़ी, बागेश्वर, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जनपद के विभिन्न कार्य शामिल हैं।

अल्मोड़ा जनपद के सल्ट विधानसभा क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। मरचूला-सयाल्दे-देवालघाट मोटर मार्ग (प्रमुख जिला मार्ग डोटियाल से चम्पानगर) के सुधारीकरण के लिए 7.57 करोड़ रुपये तथा रिची-नौघर-मंडलकोट-भुजान मोटर मार्ग (एनएच-71) के चौड़ीकरण और डामरीकरण के लिए 6.20 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

पौड़ी और बागेश्वर में भी सड़क कार्यों को मंजूरी

पौड़ी जिले के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में चिल्लरखाल-सिगड्डी-कोटद्वार-पोखरों मोटर मार्ग के किमी 13 से 16 तक सुदृढ़ीकरण के लिए 7.29 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं, चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र के फरसाड़ी-गढ़कोट-छांछरों मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 36.12 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।

बागेश्वर जिले के कपकोट विधानसभा क्षेत्र में रिखाड़ी-बाछम (कर्मी से विनायकधार) मोटर मार्ग के किमी 21.500 से 30.050 तक बीएम/बीसी तकनीक से सुधारीकरण के लिए 9.86 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

कुंभ-2027 की तैयारियों के लिए भी बजट

हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 को ध्यान में रखते हुए अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए भी धनराशि मंजूर की गई है। बहादराबाद, ज्वालापुर और कनखल सेक्टर में अस्थायी पेयजल व्यवस्था, पाइपलाइन, स्टैंड पोस्ट, पीवीसी टैंक और वाटर फिल्टर सहित अन्य कार्यों के लिए 3.68 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा वाटर स्क्रीन पर मल्टीमीडिया शो और म्यूजिकल फाउंटेन की स्थापना के लिए 4.43 करोड़ रुपये, भीमगोड़ा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण एवं उन्नयन के लिए 3.43 करोड़ रुपये तथा शिव मूर्ति चौक से आर्य नगर चौक तक सड़क डिवाइडर के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 7.35 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। कुंभ और अर्द्धकुंभ मेले की व्यवस्थाओं के लिए पुलिस महानिदेशक के निवर्तन पर मशीन, उपकरण एवं अन्य संसाधनों की खरीद के लिए 10 करोड़ रुपये का भी अनुमोदन किया गया है।

आपदा प्रभावितों को मिलेगी राहत

ऊधमसिंह नगर जिले में प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को राहत एवं अनुग्रह सहायता उपलब्ध कराने के लिए 18 करोड़ रुपये आवंटित करने की मंजूरी दी गई है।

सरकार के इन वित्तीय फैसलों से प्रदेश में सड़क सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, पेयजल व्यवस्था में सुधार, आपदा प्रभावितों को सहायता और आगामी कुंभ मेले की तैयारियों को आगे बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।





विज्ञापन 
विज्ञापन