G

Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्तराखण्ड आशा हैल्थ कार्यकत्री यूनियन ने नारेबाजी के साथ किया जोरदार प्रदर्शन

Sangam Today News/- 
Almora /- जिला मुख्यालय अल्मोड़ा में उत्तराखण्ड आशा स्वास्थ्य कार्यकत्री यूनियन संबद्ध सीटू के बैनर तले शुक्रवार को आशा हैल्थ कार्यकत्रियों ने धरना प्रदर्शन कर अल्मोड़ा की सड़कों में नारेबाजी के साथ जुलूस निकाला । इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने केंद्र और धामी सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आशा कार्यकर्ताओं का मानदेय बढ़ाने और उन्हें नियमित करने की मांग को जोरशोर से उठाया। जुलूस से पहले गांधी पार्क में हुई सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं को धरातल पर उतारने में स्कीम वर्करों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इन योजनाओं का संचालन भारत सरकार करती है, लेकिन वर्ष 2021 के बाद से केंद्र सरकार ने उनके मानदेय में कोई बढ़ोतरी नहीं की है। उन्होंने कहा कि 15वें भारतीय श्रम सम्मेलन की सिफारिशों और अखिल भारतीय औसत खुदरा मूल्यों के आधार पर न्यूनतम मजदूरी 42 हजार रुपये निर्धारित की जानी चाहिए। आशा कार्यकर्ताओं ने न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये प्रतिमाह करने और आशाओं को नियमित कर राज्य कर्मचारी का दर्जा देने की मांग की। उनकी मांगों के समर्थन में जनवादी महिला समिति की प्रदेश अध्यक्ष सुनीता पांडे और नौजवान सभा के प्रदेश अध्यक्ष यूसुफ तिवारी, यूकेडी के बिनय किरौला ने भी विचार रखे। प्रदर्शन का नेतृत्व सीटू की जिला संयोजक एवं आशा  कार्यकत्री यूनियन जिलाध्यक्ष विजयलक्ष्मी ने किया।




विज्ञापन 
विज्ञापन