G

Ticker

6/recent/ticker-posts

महिला हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार



Sangam Today News/- 
 रामनगर। नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में 56 वर्षीय महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या का बदला लेना चाहता था। इसी पुरानी रंजिश के चलते उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर महिला की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से ग्राम किशनपुर छोई में एक महिला का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना पर रामनगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतका की पहचान विमला देवी (56 वर्ष), पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी। जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में तीन संदिग्ध महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते दिखाई दिए। इसके बाद आरोपियों द्वारा वाहन से शव को घटनास्थल के पास फेंकने की बात भी सामने आई।

पुलिस जांच में मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल का नाम सामने आया। पूछताछ और जांच के आधार पर पुरानी रंजिश तथा अपने पिता की हत्या का बदला लेने की भावना को इस वारदात की वजह बताया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया, जबकि उसके दो अन्य साथियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वे क्षेत्र से फरार होने की तैयारी में थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, मृतका के पेटीकोट का नाड़ा और घटना में प्रयुक्त वाहन संख्या UK04 AN 6012 बरामद किया है।

मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम का उत्साहवर्धन करते हुए एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2,000 रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




विज्ञापन 
विज्ञापन