G

Ticker

6/recent/ticker-posts

शीतकाल के लिए बंद हुए गंगोत्री धाम के कपाट



Sangam Today News/- 
उत्तरकाशी। विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट एवं गोवर्धन पर्व के पावन अवसर पर मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक धार्मिक विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:05 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ बंद किए गए। इसके साथ ही गंगोत्री धाम की नियमित ग्रीष्मकालीन यात्रा का समापन हो गया।

कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव डोली को पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा (मुखीमठ) के लिए रवाना किया गया। इस दौरान देव डोलियों की उपस्थिति, स्थानीय लोक संस्कृति की झलक, ढोल-दमाऊ की गूंज और सेना के बैंड की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

मां गंगा की उत्सव डोली पहले दिन करीब 19 किलोमीटर की पैदल यात्रा करेगी। यात्रा के दौरान भैरव मंदिर होते हुए डोली मार्कण्डेय पुरी स्थित देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम किया जाएगा। इसके बाद 11 नवंबर को डोली मुखबा गांव स्थित शीतकालीन प्रवास स्थल के लिए प्रस्थान करेगी।

कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया मंगलवार सुबह से ही शुरू हो गई थी। मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना, विशेष अनुष्ठान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निर्धारित मुहूर्त पर कपाट बंद किए गए। अब आगामी छह माह तक मां गंगा की शीतकालीन पूजा-अर्चना मुखबा स्थित मंदिर में संपन्न होगी।




विज्ञापन 
विज्ञापन