G

Ticker

6/recent/ticker-posts

गुलदार के हमले में 4 साल की बच्ची की मौत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा



Sangam Today News/- 
उत्तराखंड में गुलदार का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पौड़ी में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां गुलदार के हमले में चार वर्षीय मासूम बच्ची की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर खांड्यूसैंण के पास स्थित वजली गांव में चार वर्षीय आरुषि देर शाम अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे उठाकर झाड़ियों की ओर ले गया। घटना को बच्ची के सात वर्षीय भाई आर्यन ने अपनी आंखों से देखा।

बच्ची के गायब होने की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों ने शोर मचाते हुए उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद घर से करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में आरुषि का शव बरामद हुआ। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा है।
घटना की सूचना मिलने पर पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। इस दौरान आक्रोशित ग्रामीणों ने उनका घेराव कर विरोध जताया। विरोध इतना बढ़ गया कि कुछ महिलाएं विधायक की गाड़ी पर भी चढ़ गईं। ग्रामीणों ने वन विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए क्षेत्र में गुलदार के बढ़ते आतंक पर नाराजगी जताई।ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बनी हुई है। आए दिन गुलदार लोगों और बच्चों पर हमले कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों के लिए अपने ही गांव में रहना मुश्किल हो गया है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार के आतंक से निजात दिलाने और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में मानव-वन्यजीव संघर्ष और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।






विज्ञापन 
विज्ञापन