Sangam Today News/-
Almora/-जनगणना2027 के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने एवं डिजिटल स्व-गणना प्रक्रिया को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से राजकीय महाविद्यालय जैंती में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को जनगणना के महत्व, डिजिटल स्व-गणना की प्रक्रिया तथा इसमें जनसहभागिता की भूमिका के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम तहसील के जनगणना लिपिक हयात सिंह भंडारी एवं टी.ए. सूरज नागरकोटी के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्व-गणना की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए डिजिटल माध्यम से आवश्यक विवरण दर्ज करने, आधिकारिक पोर्टल के उपयोग एवं स्व-गणना के विभिन्न चरणों की जानकारी दी।प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना देश के सामाजिक, आर्थिक एवं जनसांख्यिकीय विकास की दिशा निर्धारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े सरकार को जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के समुचित वितरण तथा विकासात्मक नीतियों के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायता प्रदान करते हैं।
महाविद्यालय की जनगणना नोडल अधिकारी डॉ. रेखा जोशी ने विद्यार्थियों को स्व-गणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों, पड़ोसियों एवं समाज के अन्य लोगों को भी जनगणना के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने जनगणना को राष्ट्र के विकास एवं नीति निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण नागरिक दायित्व बताया। प्रभारी प्राचार्य डॉ. दर्शना पंत ने जनगणना अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से इस राष्ट्रीय अभियान में जिम्मेदारीपूर्वक सहभागिता करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए विभिन्न प्रश्नों का प्रशिक्षकों ने विस्तारपूर्वक समाधान किया।
कार्यक्रम में डॉ. योगेश राणा, डॉ. रितेश प्रसाद टम्टा, डॉ. हेमलता ओली, डॉ. पूनम आर्या, श्रीमती नेहा, डॉ. प्रेमा, डॉ. आरती, डॉ. मनोज कुमार जोशी, डॉ. संजय कुमार आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
.jpeg)
