Ticker

6/recent/ticker-posts

भाजपा ने विधानसभा चुनाव को लेकर बनाई रणनीति, दो तिहाई बहुमत का लक्ष्य

Sangam Today News/- 
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश पदाधिकारी एवं विस्तारित कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन की रणनीति पर मंथन किया गया। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने के साथ दो तिहाई बहुमत हासिल करने के लक्ष्य के साथ जुटने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं तथा जनकल्याणकारी कार्यों को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पहुंचना होगा। उन्होंने घर-घर संपर्क अभियान को चुनावी रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रियता बढ़ाने की अपील की।
बैठक में विपक्ष की कथित नकारात्मक राजनीति का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देने पर भी जोर दिया गया। भाजपा नेतृत्व ने सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और विकास के मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से रखने की बात कही। साथ ही 'वंदे मातरम' को राष्ट्रीय स्वाभिमान से जोड़ते हुए विपक्ष पर भी निशाना साधा गया।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस बार भाजपा मंडल स्तर के बजाय शक्ति केंद्र आधारित रणनीति के साथ चुनावी तैयारियों को आगे बढ़ाएगी। मोर्चों को मंडल और शक्ति केंद्र स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया है।
इसके अलावा पूर्व में तीन बार पदाधिकारी रह चुके वरिष्ठ कार्यकर्ताओं, जो वर्तमान में किसी संगठनात्मक पद पर नहीं हैं, को भी चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका देने का फैसला किया गया। बैठक में पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में हैट्रिक के साथ दो तिहाई बहुमत हासिल करने के लक्ष्य को लेकर संगठन को सक्रिय करने पर जोर दिया।