Sangam Today News/-
अल्मोड़ा। हरेला पर्व के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अल्मोड़ा स्थित प्राचीन वृद्ध जागेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने राज्य की सुख-समृद्धि, खुशहाली, उत्तम स्वास्थ्य और जनकल्याण की कामना करते हुए प्रदेश के निरंतर विकास के लिए आशीर्वाद मांगा।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मंदिर में करीब 1.5 क्विंटल वजनी घंटी भी समर्पित की। इसके साथ ही उन्होंने मंदिर परिसर में कन्या पूजन कर बालिकाओं को प्रसाद वितरित किया।
हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वृद्ध जागेश्वर धाम उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देश के प्रमुख प्राचीन शिव धामों में शामिल है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ-साथ तीर्थस्थलों पर श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न विकास योजनाएं भी संचालित की जा रही हैं।
पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर का निरीक्षण किया और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, मंदिर समिति के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।

