Sangam Today News/-
अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने मंगलवार को वर्चुअल माध्यम से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की समीक्षा बैठक आयोजित कर विभिन्न विभागों में लंबित शिकायतों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। इसलिए प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतकर्ताओं से संवाद स्थापित कर वास्तविक स्थिति के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने को भी कहा।
उन्होंने लंबित और बार-बार संदर्भित होने वाली शिकायतों पर विशेष निगरानी रखने तथा विभागीय स्तर पर नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल होकर अपने-अपने विभागों की प्रगति से अवगत कराया।

