Ticker

6/recent/ticker-posts

सड़क निर्माण में देरी पर ग्रामीणों का विरोध, 'रोड नहीं तो वोट नहीं' का लिया संकल्प


Sangam Today News/- 
चौखुटिया। अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया क्षेत्र की झुडंगा ग्राम पंचायत में वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने गांव में बैठक आयोजित कर सड़क निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई और नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने "रोड नहीं तो वोट नहीं" और "अभी नहीं तो कभी नहीं" जैसे नारे लगाए। उनका कहना था कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का सामूहिक बहिष्कार किया जाएगा। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि चुनाव प्रचार के लिए गांव आने वाले जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं का विरोध किया जाएगा।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क नहीं बनने से क्षेत्र के लोगों को मूलभूत सुविधाओं के लिए कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बेहतर सड़क सुविधा के अभाव में गांवों से पलायन भी लगातार बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने दावा किया कि प्रस्तावित सड़क मार्ग भूमि की नाप के अनुसार निर्धारित किया जा चुका है और आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र दिए जाने के बाद संबंधित विभागों द्वारा सर्वेक्षण कर पिलर भी लगाए जा चुके हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि झुडंगा-दीपाकोट मार्ग के लगभग चार किलोमीटर सड़क निर्माण को वर्ष 2020 में स्वीकृति मिल चुकी थी। इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
धरना-प्रदर्शन और बैठक में ग्राम प्रधान सूरज सिंह सहित दयाल सिंह, खीम सिंह, त्रिलोक सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रताप सिंह, इंदिरा देवी, दीपा, ममता देवी, गोविंद सिंह, महेंद्र ठाकुर, सुरेश कुमार तथा अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।