Ticker

6/recent/ticker-posts

सल्ट के मल्ली मानिला देवी मंदिर सौंदर्यीकरण सहित उत्तराखण्ड में विभिन्न योजनाओं हेतु करोड़ों की स्वीकृति


Sangam Today News/- 
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में सड़क निर्माण, मंदिरों के सौंदर्यीकरण, आंतरिक मार्गों के विकास, सिंचाई परियोजनाओं तथा आपदा राहत से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लिए करोड़ों रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में सिरड के नैनीपातल से ग्राम पंचायत नाघर इंटर कॉलेज तक सीसी संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹79.87 लाख स्वीकृत किए गए हैं। वहीं चम्पावत जिले के लोहाघाट क्षेत्र में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय कल्याण सिंह अधिकारी की प्रतिमा स्थापना हेतु ₹32.49 लाख तथा सेलागाड़ से कोटकेन्द्री तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए ₹40.53 लाख की मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ के मोस्टामानू मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए अवशेष ₹39.31 लाख, कुशैल रसेपाटा स्थित प्राचीन सैम मंदिर के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण के लिए ₹59.80 लाख, पौड़ी जिले के यमकेश्वर क्षेत्र में मां बाल कुँवारी माता मंदिर के लिए ₹39.30 लाख की अवशेष धनराशि तथा अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित भीमादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.50 लाख स्वीकृत किए हैं।
ऊधमसिंह नगर के गदरपुर क्षेत्र में रामबाग हरिपुरा और पंचाननपुर गांव में मंदिर एवं धर्मशाला निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत ₹2.54 करोड़ की योजना के अंतर्गत प्रथम किस्त के रूप में ₹1.01 करोड़ जारी किए गए हैं। इसके अलावा अल्मोड़ा जिले के सल्ट विधानसभा क्षेत्र स्थित मल्ली मनिला मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए ₹98.80 लाख की मंजूरी भी दी गई है।
चम्पावत विधानसभा क्षेत्र की मैरोली और बडपास ग्राम पंचायतों में इंटरलॉकिंग टाइल्स से आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए स्वीकृत ₹3.89 करोड़ की योजना के तहत प्रथम किस्त के रूप में ₹1.87 करोड़ जारी किए गए हैं। साथ ही अमृत योजना के अंतर्गत बीजापुर नहर के हेड के सुदृढ़ीकरण एवं आधुनिकीकरण के लिए ₹4.95 करोड़ की योजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
प्राकृतिक आपदा से प्रभावित उत्तरकाशी जिले की भटवाड़ी तहसील के धराली गांव में क्षतिग्रस्त व्यवसायिक प्रतिष्ठानों और भवनों के 13 प्रभावितों को राहत उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष से शेष ₹1.21 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे पूर्व तीन प्रभावितों को ₹3.12 लाख की सहायता प्रदान की जा चुकी थी, जिसका समायोजन करते हुए यह राशि जारी की गई है।
मुख्यमंत्री की इन स्वीकृतियों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के विकास, धार्मिक स्थलों के संरक्षण तथा आपदा प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण गति मिलने की उम्मीद है।