Sangam Today News/-
देहरादून। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने उत्तराखंड के लिए 16 से 20 जुलाई 2026 तक पांच दिनों का जिला-स्तरीय मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर समेत कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की आशंका है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक तीव्र बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।
लगातार हो रही बारिश को देखते हुए पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, नदियों और गदेरों के जलस्तर में वृद्धि, सड़क मार्ग बाधित होने तथा निचले इलाकों में जलभराव जैसी परिस्थितियां उत्पन्न हो सकती हैं।
प्रशासन और लोगों के लिए सलाह
अनावश्यक यात्रा से बचें, विशेषकर भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में।
नदी, नालों और गदेरों के किनारे जाने से परहेज करें।
मौसम विभाग और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी ताजा अपडेट पर नजर रखें।
पहाड़ी मार्गों पर वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं।
किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

