Sangam Today News/-
देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हर्रावाला रेलवे स्टेशन से 'सोमनाथ स्वाभिमान पर्व' के तहत वेरावल (सोमनाथ) के लिए विशेष रेल यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन परंपराओं और राष्ट्रीय स्वाभिमान से जुड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर भी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि छह दिवसीय इस विशेष यात्रा में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 700 श्रद्धालु भाग ले रहे हैं। इनमें स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं, विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी, संत समाज के प्रतिनिधि तथा समाज के अलग-अलग वर्गों के लोग शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल सोमनाथ मंदिर भारतीय आस्था, दृढ़ विश्वास और पुनर्निर्माण की अदम्य भावना का प्रतीक है। इतिहास में कई बार हुए आक्रमणों के बावजूद मंदिर का पुनर्निर्माण भारत की सांस्कृतिक शक्ति और संकल्प को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और पुनर्जागरण की दिशा में लगातार कार्य हो रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड सरकार भी देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने और राज्य को वैश्विक आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए विभिन्न पहल कर रही है।
उन्होंने राज्य सरकार द्वारा सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण, समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने, अवैध अतिक्रमण हटाने और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सुधारों का भी उल्लेख किया। साथ ही यात्रियों से अपील की कि वे यात्रा के दौरान उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और 'अतिथि देवो भवः' की भावना का परिचय दें।
कार्यक्रम में विधायक बृज भूषण गैरोला, देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

