Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान शुरू, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने भरा गणना प्रपत्र


Sangam Today News/- 
देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ हो गया है। अभियान के पहले दिन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गणना प्रपत्र भरकर निर्वाचन अधिकारियों को सौंपा।
राज्यपाल ने नैनीताल स्थित लोक भवन में जबकि मुख्यमंत्री ने देहरादून में गणना प्रपत्र जमा किया। इस दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम, सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर तथा अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदण्डे ने भी अपने गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को सौंपे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे गणना प्रपत्र के साथ अपना नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो उपलब्ध कराएं। उन्होंने बताया कि 8 जून से 7 जुलाई तक चलने वाले घर-घर सत्यापन अभियान के दौरान मतदाताओं को किसी भी प्रकार के दस्तावेज प्रस्तुत करने की आवश्यकता नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए मतदाता टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा राज्य स्तर पर संचालित हेल्पलाइन नंबर 1800-3300-1950 पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
निर्वाचन विभाग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके।