Sangam Today News/- अल्मोड़ा जिले के मानिला की सुप्रसिद्ध रामलीला का इस वर्ष भी होगा आयोजन। रामलीला रंगमच समिति की आम बैठक में आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण बिंदुओं पर हुई चर्चा। इस वर्ष रामलीला को और अधिक बेहतर बनाने के लिए उत्तरकाण्ड के मंचन एवं सखी नृत्य को नवीन स्वरूप देने जैसे पहलुओं पर भी हुआ विचार ।
अल्मोड़ा जनपद के सल्ट क्षेत्र में, सुविख्यात मानिला की रामलीला का इस वर्ष भी भव्य आयोजन किया जाएगा। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामलीला के आयोजन की संभावित तिथि 09 जून निर्धारित की गई है। वहीं रामलीला मंचन का पूर्वाभ्यास 19 मई से प्रारंभ किया जाएगा। मानिला की यह रामलीला, रंगमच का वह जीवंत स्वरूप है जिसमे लोग समय के चक्र से परे, राम को मंच पर नए आदर्श गढ़ते, और पुरषोत्तम बनते हुए देख पाते हैं।
जून माह में होने वाली यह संगीतमय रामलीला अपने विशिष्ट संगीतमय आयोजन और मंच कौशल के लिए जानी जाती रही है। इस वर्ष रामलीला के आयोजन को लेकर 17 मई को आम बैठक का आयोजन हुआ। जिसकी अध्यक्षता उर्वादत्त लखचौरा द्वारा की गई। बैठक मे कई पहलुओं पर चर्चा हुई । जिसमे की मंच निर्देशन, उत्तरकाण्ड के मंचन, संगीत निर्देशन समेत आयोजन से जुड़े अन्य नए प्रस्तावों पर भी विचार हुआ।
समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र लखचौरा ने गत वर्षों की भांति ही रामलीला के धूमधाम से आयोजन की बात कही।
क्षेत्र में रामलीला का आयोजन एक सांस्कृतिक और धार्मिक आयोजन ही ना होकर, जीवंत मंच से राम के आदर्शों को पीड़ी दर पीड़ी युवाओं को हस्तांतरित करने वाली अक्षुण्ण परंपरा भी रही है।

