Sangam Today News/-
उत्तराखंड में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज ज्यादातर शुष्क रहने वाला है, हालांकि ऊंचाई वाले पर्वतीय इलाकों में हल्की मौसम गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 15 अप्रैल को राज्य के सभी जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 16 अप्रैल से 20 अप्रैल के बीच कुछ पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश, गर्जन के साथ बौछारें और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के 3800 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
हालांकि यह गतिविधियां सीमित स्थानों तक ही रहने की संभावना है, जबकि राज्य के अधिकांश अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस दौरान मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में।

