Sangam Today News/-
देहरादून/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के लोकार्पण के अवसर पर देहरादून पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने प्रसिद्ध डाट काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर की और देश व उत्तराखंड की सुख-समृद्धि की कामना की।
इसके बाद प्रधानमंत्री लगभग 12 किलोमीटर लंबा रोड शो करते हुए कैंट क्षेत्र स्थित सभा स्थल तक पहुंचे। इस दौरान सड़क किनारे हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे। “भारत माता की जय” के नारों से माहौल गूंजता रहा और लोगों में प्रधानमंत्री की एक झलक पाने का उत्साह साफ दिखाई दिया। प्रधानमंत्री ने भी हाथ जोड़कर और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से उन्हें हमेशा विशेष ऊर्जा मिलती है और यहां के लोगों का स्नेह उन्हें देश के विकास के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने रोड शो में उमड़े जनसैलाब पर आभार जताते हुए बताया कि जनता का अभिवादन करने के कारण उनका काफिला धीमी गति से चला, जिससे सभा स्थल तक पहुंचने में एक घंटे से अधिक का समय लग गया। इस देरी के लिए उन्होंने उपस्थित लोगों से क्षमा भी मांगी।
यह आयोजन न केवल इकोनॉमिक कॉरिडोर परियोजना के महत्व को दर्शाता है, बल्कि उत्तराखंड की जनता और प्रधानमंत्री के बीच मजबूत जुड़ाव को भी उजागर करता है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

