Sangam Today News/-
नैनीताल जनपद के कालाढूंगी क्षेत्र से लापता हुए 10 वर्षीय बालक को पुलिस ने 48 घंटे के सघन सर्च ऑपरेशन के बाद सकुशल बरामद कर लिया है। इस सफल अभियान के बाद परिजनों और स्थानीय क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, बालक के लापता होने की सूचना मिलते ही नैनीताल पुलिस, कोतवाली कालाढूंगी पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और घने जंगल के बावजूद टीमों ने लगातार दो दिनों तक व्यापक कॉम्बिंग अभियान चलाया।
लगातार प्रयासों के बाद बालक को कोटाबाग क्षेत्र के शिसमानी जंगल में करीब 2–3 किलोमीटर अंदर से सुरक्षित बरामद किया गया। बरामदगी के तुरंत बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कोटाबाग ले जाया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण और प्राथमिक उपचार किया गया।
स्वास्थ्य जांच के बाद बालक को सुरक्षित उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। इस सफल अभियान के लिए परिजनों ने पुलिस और प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) नैनीताल के निर्देशन में गठित टीमों की सतर्कता, समन्वय और अथक मेहनत के चलते यह अभियान सफल हो सका।

