Ticker

6/recent/ticker-posts

गर्भवती महिला को ग्रामीणों ने डोली के माध्यम से 3किमी पैदल चलकर पहुंचाया सड़क तक


Sangam Today News/- 
अल्मोड़ा जनपद के स्याल्दे ब्लाक अंतर्गत ग्राम पंचायत रुड़ोली के तोक पंचपोल अनुसूचित जाति बाखली सड़क सुविधा से नहीं जुड़ पाया है।जिससे ग्रामीणों को सड़क तक लगभग 3किमी पैदल चलना मजबूरी है।बिमार व्यक्तियों व बुजुर्गों को सड़क नहीं होने से परेशानी का सामना करना पड़ता है।सामाजिक कार्यकर्ता सुनील टम्टा,ग्राम प्रधान सुनीता देवी ने बताया है कि गर्भवती महिला प्रिया पत्नी दीपांशु का प्रसव पीड़ा होने पर अत्यंत कष्टदायक परिस्थितियों का सामना करना पड़ा है। यह बाखली मुख्य सड़क मार्ग से लगभग 3 किलोमीटर दूर स्थित है। सड़क के अभाव में परिजनों और ग्रामीणों को गर्भवती महिला को डोली के माध्यम से अस्पताल तक ले जाना पड़ा। यह दृश्य न केवल मानवीय संवेदनाओं को झकझोरने वाला है, बल्कि सरकार और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है।इस संबंध में ग्राम प्रधान सुनीता देवी सहित ग्रामीण अनिल राम, रामलाल एवं आनंद राम का कहना है कि क्षेत्र में सड़क न होने के कारण वृद्ध, बीमार और गर्भवती महिलाओं को सड़क तक पहुँचाना किसी महाभारत से कम नहीं है। हर आपात स्थिति में ग्रामीणों को इसी तरह जान जोखिम में डालकर मरीजों को ढोना पड़ता है।सुनील टम्टा ने कहा यह घटना स्पष्ट रूप से दर्शाती है कि आज भी कई गांव बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं, जहाँ एक साधारण सड़क का अभाव लोगों के जीवन के लिए बड़ा खतरा बना हुआ है।ग्रामीणों ने सरकार से सड़क सुविधा मुहैया करने की पूरजोर मांग की है।