राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कुणीधार, मानिला (अल्मोड़ा) में आज मंगलवार को विद्यालय का वार्षिकोत्सव अत्यंत उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीपप्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ, जिसमें महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी. एस. यादव, मुख्य अतिथि विधायक प्रतिनिधि करन जीना तथा विशिष्ट अतिथि महेश्वर सिंह मेहरा एवं अन्य गणमान्य अतिथियों, प्राध्यापकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों एवं स्थानीय जनता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. गोरखनाथ द्वारा सभी अतिथियों का स्वागत सत्कार एवं सादर अभिनंदन किया गया, इसी क्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य द्वारा वर्षभर आयोजित शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं खेलकूद गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया गया। विद्यार्थियों ने नृत्य, संगीत, नाटक तथा लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में स्थान प्राप्त करने वाले तथा विभागीय गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी अवसर पर महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘अक्षरा’का भी विमोचन किया गया। पत्रिका के संपादन में संपादक मंडल डॉ. भावना अग्रवाल, डॉ. कविंद्र भट्ट, डॉ. रविन्द्र मिश्र एवं समस्त प्रबुद्ध प्राध्यापकों तथा विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा। इसी के साथ लोकगायक रमेश नेगी ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। मंच का संचालन डॉ. शेफाली सक्सेना एवं डॉ. पीतांबर दत्त पंत द्वारा किया गया



