Ticker

6/recent/ticker-posts

उत्तराखंड ने रचा इतिहास, रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पहली बार बनाई जगह


Sangam Today News/- उत्तराखंड क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। क्वार्टरफाइनल मुकाबले में उत्तराखंड ने झारखंड को एक पारी और 6 रन से करारी शिकस्त दी। यह मुकाबला 6 से 8 फरवरी 2026 तक जमशेदपुर में खेला गया।
झारखंड की टीम पहली पारी में 235 रन पर सिमट गई। इसके जवाब में उत्तराखंड ने मजबूत बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 371 रन बनाए और 136 रन की बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में झारखंड की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई और टीम मात्र 129 रन पर ढेर हो गई। खास बात यह रही कि झारखंड ने अपने आखिरी 8 विकेट सिर्फ 30 रन के भीतर गंवा दिए।
उत्तराखंड की पहली पारी में अवनीश सुधा (64 रन), कुणाल चंदेला (68 रन) और जगदीशन सुचित (70 रन) ने अहम अर्धशतक लगाकर टीम की बढ़त की नींव रखी।
गेंदबाजी में मयंक मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 विकेट झटके, जिसमें पहली पारी में 5 विकेट मात्र 22 रन देकर शामिल हैं। उनके अलावा अभय नेगी, जनमेजय जोशी (4/46) और आदित्य रावत (3/39) ने भी प्रभावी गेंदबाजी करते हुए झारखंड की बल्लेबाजी को दबाव में रखा।
इस जीत के साथ उत्तराखंड ने रणजी ट्रॉफी के इतिहास में पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाकर राज्य के क्रिकेट में नया अध्याय जोड़ दिया है। सेमीफाइनल मुकाबले 15 से 19 फरवरी 2026 के बीच खेले जाएंगे।