Sangam Today News/-
देहरादून। उत्तराखंड में बिजली उपभोक्ताओं को एक बार फिर महंगाई का झटका लगने वाला है। ऊर्जा निगम (यूपीसीएल) ने फरवरी माह के लिए बिजली की नई दरें जारी कर दी हैं। फ्यूल एंड पावर परचेज कॉस्ट एडजस्टमेंट (एफपीपीसीए) के तहत प्रति यूनिट बिजली दरों में 4 पैसे से लेकर 15 पैसे तक की बढ़ोतरी की गई है।
ऊर्जा निगम की ओर से यह नई दरें यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार के अनुमोदन के बाद लागू की गई हैं। यह वृद्धि फरवरी महीने में प्रभावी होगी, जिसका सीधा असर उपभोक्ताओं को मार्च में आने वाले बिजली बिल में देखने को मिलेगा।
UPCL के एमडी अनिल कुमार के अनुसार, नई एफपीपीसीए दरों के तहत घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 10 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। वहीं बीपीएल श्रेणी में 0.4 पैसे, कमर्शियल उपभोक्ताओं पर 14 पैसे, सरकारी संस्थानों के लिए 13 पैसे और निजी ट्यूबवेल पर 0.4 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई है। कृषि श्रेणी में 0.7 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी लागू होगी।
इसके अलावा उद्योगों के लिए 13 पैसे, मिक्स लोड में 12 पैसे, रेलवे और ईवी चार्जिंग स्टेशनों के लिए 12 पैसे तथा अस्थायी कनेक्शनों पर सबसे अधिक 15 पैसे प्रति यूनिट तक की बढ़ोतरी की गई है।

