Sangam Today News/-
उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर मल्ला क्षेत्र के पास मंगलवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) का रोडी-बजरी से लदा ओवरलोड ट्रक अनियंत्रित होकर लगभग 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। इस दुर्घटना में ट्रक सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, हादसा मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे उस समय हुआ, जब BRO का डंपर वाहन गंगोत्री हाईवे पर मल्ला के समीप बैक हो रहा था। इसी दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और गहरी खाई में गिर गया। दुर्घटना में ट्रक चालक 39 वर्षीय सत्येंद्र असवाल निवासी हीना और 27 वर्षीय जयराम सिंह निवासी सेकू, भटवाड़ी गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, SDRF और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को खाई से बाहर निकाला और 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा। जहां उपचार के दौरान ट्रक चालक सत्येंद्र असवाल ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे घायल जयराम सिंह का जिला अस्पताल में उपचार जारी है।

