Sangam Today News/-
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शनिवार को आरटीओ कार्यालय का अचानक निरीक्षण किया। डीएम के कार्यालय पहुंचते ही विभागीय कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया, वहीं परिसर में मौजूद दलाल मौके से भागते नजर आए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आरटीओ कार्यालय के सभी अनुभागों का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देश दिए कि वे अनिवार्य रूप से नेम प्लेट और पहचान पत्र (आई-कार्ड) पहनकर कार्य करें। इसके साथ ही किसी भी प्रकार की फाइल या कार्य लंबित न रखने के सख्त निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति ड्राइविंग लाइसेंस या वाहन पंजीकरण जैसे कार्यों को जल्दी कराने के नाम पर हस्तक्षेप करता पाया जाता है, तो उसे तत्काल कार्यालय परिसर से बाहर किया जाए और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।इसके अलावा डीएम ने आरटीओ कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्डिंग सिस्टम को दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

