Sangam Today News/-
देहरादून। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने उत्तराखंड के लिए आगामी सात दिनों का जिला स्तरीय मौसम पूर्वानुमान जारी किया है। पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में अधिकांशतः शुष्क मौसम रहेगा।
9 और 10 फरवरी को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के 3000 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बहुत हल्की से हल्की बारिश अथवा बर्फबारी हो सकती है। इसके अलावा देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और अल्मोड़ा जिलों के कुछ इलाकों में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है। वहीं 11 फरवरी को भी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार 12 फरवरी से 14 फरवरी तक राज्य के सभी जिलों में मौसम शुष्क बना रहने की संभावना है। हालांकि 15 फरवरी को एक बार फिर उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने यह भी बताया है कि अगले 1 से 2 दिनों के दौरान राज्य के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। साथ ही सप्ताह के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों की घाटियों में कुछ स्थानों पर हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने की संभावना है।

