Ticker

6/recent/ticker-posts

पॉलिटेक्निक कॉलेज की लैब में हादसा, केमिकल गैस से 7 छात्राएं बेहोश


Sangam Today News/- 
चंपावत जनपद के लोहाघाट स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में शनिवार को प्रैक्टिकल के दौरान बड़ा हादसा हो गया। फार्मेसी प्रथम वर्ष की छात्राएं लैब में प्रैक्टिकल कर रही थीं, इसी दौरान एक केमिकल की बोतल टेबल से गिरकर टूट गई। बोतल टूटते ही उससे धुएं जैसा उठने लगा और लैब में गैस फैल गई।
केमिकल की तेज गंध फैलने से सात छात्राएं व एक शिक्षिका अचानक बेहोश हो गईं, जबकि एक शिक्षिका की भी तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कॉलेज प्रबंधन ने तत्काल सभी अचेत छात्राओं और शिक्षिका को लोहाघाट के उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने एहतियातन सभी छात्राओं और शिक्षिका को अगले 24 घंटे तक ऑब्जरवेशन में अस्पताल में भर्ती रखने का निर्णय लिया है।