Sangam Today News/-
नैनीताल। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून द्वारा जारी भारी वर्षा के पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने शुक्रवार, 10 जुलाई को जनपद नैनीताल के सभी सरकारी, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, मौसम विभाग ने जिले में कहीं-कहीं अत्यधिक भारी वर्षा, आकाशीय बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना जताई है। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन, चट्टान गिरने तथा नदी-नालों के जलस्तर में वृद्धि का भी खतरा व्यक्त किया गया है।
इसी के मद्देनज़र विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से अवकाश घोषित किया गया है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों को आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रशासन ने नागरिकों से भी खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

