Sangam Today News/-
अल्मोड़ा। जनपद में राष्ट्रीय पल्स पोलियो प्रतिरक्षण अभियान-2026 को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई, जिसमें अभियान की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि जिले भर में बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 685 बूथ स्थापित किए जाएंगे। सर्वेक्षण के आधार पर जनपद में 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 38,222 बच्चों को चिन्हित किया गया है, जिन्हें पोलियो से बचाव के लिए दवा की खुराक दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की सभी तैयारियां निर्धारित समय के भीतर पूरी कर ली जाएं ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जिन बच्चों तक बूथों के माध्यम से पहुंच नहीं हो पाएगी, उनके लिए 29 और 30 जून 2026 को विशेष घर-घर अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घरों तक पहुंचकर छूटे हुए बच्चों को पोलियो की दवा पिलाएंगी।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि वे 28 जून 2026 को अपने नजदीकी पल्स पोलियो केंद्र पर पहुंचकर 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य दिलाएं। उन्होंने कहा कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखने में समाज की सहभागिता बेहद महत्वपूर्ण है।

