Ticker

6/recent/ticker-posts

मुख्यमंत्री धामी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश


Sangam Today News/-  
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नैनीताल जनपद के दौरे के दौरान हल्द्वानी-काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस में आम जनता और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समस्याओं के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और संतोषजनक समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनता को राहत पहुंचाने के लिए संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ कार्य किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान पेयजल आपूर्ति, ग्रामीण सड़कों की स्थिति, विद्युत व्यवस्था और सिंचाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। मुख्यमंत्री ने पेयजल निगम को गर्मी के मौसम को देखते हुए जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने और खराब हैंडपंपों व नलकूपों को जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए।
इसके साथ ही लोक निर्माण विभाग को क्षतिग्रस्त संपर्क मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर गड्ढामुक्त करने तथा विद्युत विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
इस अवसर पर राम सिंह कैड़ा, सरिता आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।